वाराणसी।दक्षिण कोरिया की ए.आर.ए. ब्रिज लिमिटेड के एमडी ने किया बरेका का दौरा, स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता का लिया जायजा।

समाचार आजकल।

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को दक्षिण कोरिया की प्रतिष्ठित कंपनी ए.आर.ए. ब्रिज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शियुंग पार्क ने मेसर्स राइट्स लिमिटेड के अधिकारियों के साथ स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से बरेका का दौरा किया। उनके साथ जे.सी.एल. इन्फ्रा इंडिया के प्रबंध निदेशक विश्व वासु गुप्ता भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने किया।

दौरे की शुरुआत प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित बैठक से हुई, जहां पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बरेका की तकनीकी उपलब्धियों, आधुनिक विनिर्माण क्षमता, लोकोमोटिव उत्पादन, वैश्विक निर्यात और निर्माण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार, राइट्स के महाप्रबंधक संजय कुमार, सहायक प्रबंधक रोहित कुमार, उप मुख्य विपणन प्रबंधक अरविंद कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ट्रक मशीन शॉप, लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली शॉप, इंजन इरेक्शन शॉप और इंजन टेस्ट शॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें लोकोमोटिव निर्माण के विभिन्न चरणों, अत्याधुनिक उत्पादन सुविधाओं तथा बरेका की डिजाइन एवं निर्माण क्षमता से अवगत कराया गया।

निरीक्षण के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बरेका की आधुनिक उत्पादन अवसंरचना, तकनीकी दक्षता और उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सुविधाओं की सराहना की। इस दौरे को भारत और दक्षिण कोरिया के बीच रेल क्षेत्र में संभावित औद्योगिक एवं व्यावसायिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बरेका के प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील से शिष्टाचार भेंट भी की। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख शियुंग पार्क को बरेका द्वारा निर्मित लोकोमोटिव का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *