
समाचार आजकल।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में साइबर क्राइम सेल और विभूतिखंड पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। समिट बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर संचालित इस हाईटेक कॉल सेंटर से 119 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 100 लैपटॉप, 99 कंप्यूटर, 116 हेडफोन, 111 लैपटॉप चार्जर, 177 कॉलिंग मोबाइल फोन, एक बायोमेट्रिक मशीन और 8 वाई-फाई राउटर समेत भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं।
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि यह गिरोह तकनीकी संसाधनों और इंटरनेट आधारित कॉलिंग प्लेटफॉर्म के जरिए मुख्य रूप से अमेरिका (यूएसए) के नागरिकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी करता था। आरोपी इंटरनेट कॉलिंग सॉफ्टवेयर और आधुनिक डिजिटल तकनीकों का इस्तेमाल कर विदेशी नागरिकों से संपर्क स्थापित करते थे।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खुद को Amazon, Microsoft, Apple, PayPal, Netflix और Facebook जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों का अधिकृत प्रतिनिधि या कस्टमर सपोर्ट अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद उन्हें बैंक खाते, डिजिटल वॉलेट या व्यक्तिगत पहचान संबंधी समस्या का झांसा देकर डराया जाता था कि उनके खिलाफ वित्तीय या कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
जब पीड़ित भयभीत हो जाता था, तब उसे ई-मेल के जरिए फर्जी सरकारी दस्तावेज भेजे जाते थे और विभिन्न बहानों से उससे बैंकिंग व व्यक्तिगत जानकारी लेकर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता है। गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के नेटवर्क, विदेशी कनेक्शन तथा वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जा रही है।