
जनपद चन्दौली में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना अलीनगर क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी, वांछित हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को दिनांक 23 अप्रैल 2026 की रात्रि पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया।
ज्ञात हो कि दिनांक 21 अप्रैल 2026 को थाना अलीनगर क्षेत्र में एक परिवार पर जानलेवा हमला एवं फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें धर्मेंद्र भारती मुख्य आरोपी था। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। अभियुक्त के विरुद्ध हत्या, लूट, जानलेवा हमला सहित कुल 33 आपराधिक मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि अभियुक्त को शरण देने वाले उसके परिजनों के विरुद्ध थाना सकलडीहा में अपराधी को शरण देने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं लोकसेवक पर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
वहीं, फरार अभियुक्त के भाई भोला (पुत्र ओमप्रकाश) की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वाट एवं सर्विलांस टीम को उत्साहवर्धन हेतु संयुक्त रूप से ₹25,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कृत टीम में निरीक्षक राम जनम यादव, उपनिरीक्षक अतुल प्रजापति, उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक का संदेश:
“जनपद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिसकर्मियों के साहसिक कार्यों को प्रोत्साहित करने हेतु यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। साथ ही, अपराधियों को शरण देने वालों के विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”