
जनपद चन्दौली पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन निर्मम हत्याओं को अंजाम देने वाले शातिर अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। अभियुक्त द्वारा बिना किसी व्यक्तिगत रंजिश के आम नागरिकों को निशाना बनाकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में भय एवं दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10 मई 2026 को डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर जनपद निवासी मंगरू की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 11 मई की रात्रि लगभग 02 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक अन्य व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं सुबह लगभग 07 बजे थाना अलीनगर क्षेत्र स्थित जीवक अस्पताल में भर्ती महिला लछमिना की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई।

अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई तथा घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम गुरप्रीत सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब बताया। वह वर्ष 2021 में सेना से सिपाही पद से हटाया गया था। बिहार के आरा जनपद में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने आया था, लेकिन शराब की लत के कारण नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद वह मानसिक रूप से विचलित होकर विभिन्न ट्रेनों में घूमते हुए वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस पूछताछ एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तीनों हत्याओं में उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। अभियुक्त द्वारा पूरी तरह रैंडम तरीके से निर्दोष लोगों को निशाना बनाकर हत्या की गई थी।
घटनास्थलों के पुनर्निर्माण हेतु अभियुक्त को पुलिस टीम द्वारा सकलडीहा क्षेत्र ले जाया गया, जहां उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। सूचना पर एसओजी, अलीनगर पुलिस, सकलडीहा पुलिस एवं जीआरपी की संयुक्त टीम द्वारा कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अभियुक्त ने पुनः पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार हेतु अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
अभियुक्त के कब्जे से एक रिवाल्वर मय जीवित कारतूस, तीन खोखा कारतूस एवं बैरल काटकर छोटी की गई डबल बैरल गन (DBBL) बरामद हुई है। बरामद हथियारों के लाइसेंस संबंधी जांच की जा रही है।
अभियुक्त के विरुद्ध थाना अलीनगर एवं जीआरपी डीडीयूनगर में हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।
बरामदगी एवं कार्रवाई करने वाली टीम में-
प्रभारी निरीक्षक अलीनगर मय पुलिस टीम,
प्रभारी निरीक्षक जीआरपी डीडीयूनगर मय टीम,
प्रभारी निरीक्षक स्वाट टीम,
थानाध्यक्ष सकलडीहा मय पुलिस टीम शामिल रही।