जनपद चंदौली जागेश्वर धाम में धूमधाम से मनाया गया ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’

विधायक कैलास खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अधिकारियों ने किया जलाभिषेक

चंदौली
जनपद चंदौली में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम पवित्र जागेश्वर धाम मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक चकिया कैलास खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, परियोजना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी विकास सिंह, पर्यटन अधिकारी नितिन द्विवेदी सहित अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की।


इस अवसर पर विधायक कैलास खरवार ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ भारत की आस्था, संस्कृति, संघर्ष और पुनर्जागरण की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हजारों वर्षों से भारतीय सभ्यता को आत्मविश्वास, शक्ति और एकता का संदेश देता आ रहा है।


उन्होंने बताया कि गुजरात के प्रभास पाटन स्थित विश्वविख्यात सोमनाथ मंदिर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है तथा यह भारतीय संस्कृति की अमर चेतना, अटूट श्रद्धा और पुनर्निर्माण की अद्भुत गाथा का जीवंत प्रतीक है।


भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा राष्ट्र गौरव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।


कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ मंदिर से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। साथ ही जनपद से सोमनाथ भ्रमण पर गए 10 तीर्थयात्रियों एवं नोडल अधिकारी के दल द्वारा वहां की भव्यता, शाम की आरती, प्रकाश एवं ध्वनि शो तथा समुद्र तट के मनोहारी दृश्यों का अनुभव साझा किया गया।


श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा भगवान शिव की आराधना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *