
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने लूट और छिनैती की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त बाइक, तेज आवाज करने वाली नकली पिस्टल, लूटी गई चेन बेचकर प्राप्त ₹62,700 नकद तथा लूटा गया टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की भोर में रामनेती सिंह अपने चचेरे भाई के साथ सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग के पास खेत की सिंचाई और जुताई के दौरान अपनी कार में सो रहे थे। इसी दौरान दो बदमाश पहुंचे और कार का शीशा खटखटाया। शीशा नीचे करते ही आरोपियों ने असलहे जैसी दिखने वाली नकली पिस्टल सटाकर मारपीट की और गले से सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर वादी के चचेरे भाई के साथ भी मारपीट की और हवा में फायरिंग का भय पैदा करते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चंदौली कस्बे के पावर हाउस के पास से करन सिंह उर्फ बीरू (23 वर्ष) और अमन सिंह उर्फ शेरू (24 वर्ष), दोनों निवासी भुवालपुर जेवरियाबाद, थाना सैयदराजा, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने सोने की चेन बेच दी थी और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP67AQ3621), नकली पिस्टल, ₹62,700 नकद और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ वाराणसी तथा चंदौली के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।