
चन्दौली। थाना चन्दौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बिहार से दिल्ली जा रही KIA Carens कार के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए विशेष गुप्त बॉक्स में छिपाकर रखा गया 2 किलो 565.720 ग्राम सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, स्वाट/SOG टीम प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव और प्रभारी निरीक्षक थाना चन्दौली बिन्देश्वर पाण्डेय के नेतृत्व में टीम नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर HR22W2830 नंबर की सफेद KIA Carens को रोका गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया।
पूछताछ में चालक की पहचान जुबेर मुबारक शेख निवासी शांगली, महाराष्ट्र तथा उसके बगल में बैठे व्यक्ति की पहचान मनीष कुमार निवासी फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ में बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष रूप से बनाए गए बॉक्स में सोना छिपाकर रखा गया है और उसे दिल्ली ले जाया जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स को खुलवाया। उसमें कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लपेटकर रखी गई दो सिल्लियां बरामद हुईं। आरोपियों ने इसे सोना बताया, लेकिन इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
आयकर और राजस्व आसूचना विभाग की मौजूदगी में हुई जांच
बरामदगी की सूचना आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग को दी गई। संबंधित अधिकारी सरकारी वैल्यूअर/सुनार के साथ मौके पर पहुंचे। जांच और वजन के बाद पीली धातु का कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹3.92 करोड़ आंकी गई।
पुलिस के अनुसार, आयकर विभाग ने प्रारंभिक जांच में बरामद पीली धातु को विदेश में निर्मित सोना बताया है। बरामद सोना नियमानुसार Revenue Intelligence Department को सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 05 मोबाइल फोन और KIA Carens कार भी बरामद की है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी:
- 2 किलो 565.720 ग्राम सोना — अनुमानित कीमत ₹3.92 करोड़
- 05 मोबाइल फोन
- KIA Carens कार संख्या HR22W2830
कार्रवाई करने वाली टीम: थाना चन्दौली पुलिस एवं स्वाट/SOG टीम के कुल 12 पुलिसकर्मी शामिल रहे।