
चन्दौली। पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं हल्का प्रभारियों द्वारा बैंक, एटीएम तथा ग्राहक सेवा केंद्रों के आसपास व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बैंक परिसरों के अंदर एवं बाहर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इस दौरान बैंक एवं एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे, सायरन तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गई। शाखा प्रबंधकों एवं ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस टीम द्वारा बैंक में आने वाले ग्राहकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि बैंक कभी भी फोन पर खाते की गोपनीय जानकारी, OTP, ATM कार्ड नंबर, CVV अथवा पासवर्ड नहीं मांगता है। किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आने तथा सतर्क रहने की अपील की गई।
चन्दौली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना एवं आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है।