
समाचार आजकल।
वाराणसी। आगामी त्योहार सालार गाजी मियां का मेला एवं बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से थाना जैतपुरा क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसीपी चेतगंज शुभम सिंह एवं थाना प्रभारी जैतपुरा उपेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र के सम्मानित धर्मगुरू, मौलवी, मुतवल्ली तथा पीस कमेटी के सदस्यगण शामिल हुए। उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए आपसी भाईचारे एवं सद्भावना के साथ सभी त्योहार मनाने की बात कही।
एसीपी चेतगंज एवं थाना प्रभारी जैतपुरा ने उपस्थित लोगों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने अपने मोबाइल नंबर भी सभी को उपलब्ध कराते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा सूचना होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक का उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना एवं पुलिस-प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।