
चन्दौली, 22 मई 2026:
उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुसार पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करना रहा।
इस दौरान जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा बाजारों, कस्बों एवं अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के निस्तारण एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की।
जागरूकता अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को संरक्षण प्रदान करने वाले प्रमुख कानूनों जैसे घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994 के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा जागरूकता पर भी विशेष बल दिया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड एवं साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के कार्य, उद्देश्य एवं उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।