
दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं शस्त्रों के संचालन का कराया गया अभ्यास ।

चन्दौली, समाचार आजकल ।
जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल एवं अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर के नेतृत्व में महेन्द्रा पॉलिटेक्निक ग्राउंड, चन्दौली में बलवा ड्रिल का पूर्वाभ्यास कराया गया।
इस दौरान जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित नियुक्त पुलिस बल मौजूद रहा। पूर्वाभ्यास में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विधि-विरुद्ध भीड़ को नियंत्रित एवं तितर-बितर करने हेतु रबर बुलेट गन, लाठी चार्ज, आंसू गैस, एंटी राइट गन, टीयर गैस गन, हैंड ग्रेनेड सहित विभिन्न दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन एवं प्रयोग की जानकारी दी गई।
साथ ही इन उपकरणों के प्रयोग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। बलवा ड्रिल के दौरान पुलिस बल को अलग-अलग टीमों में विभाजित कर दंगा अथवा बलवा की स्थिति में पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया।
अभ्यास के दौरान पाई गई कमियों पर पुलिसकर्मियों से फीडबैक लेकर आवश्यक सुधार हेतु दिशा-निर्देश भी दिए गए।
चन्दौली पुलिस एवं प्रशासन ने आमजन को आश्वस्त किया कि जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।