
चंदौली जनपद के मुगलसराय स्थित गल्ला मंडी सुपर मार्केट क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई,
जब स्थानीय लोगों ने एक नाले में नवजात बच्चे का शव पड़ा देखा।
नाले में मासूम का शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी ने नवजात बच्चे को जन्म देने के बाद बेरहमी से नाले में फेंक दिया।
मासूम की हालत देखकर लोगों का दिल दहल उठा। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।
लोगों का कहना है कि आखिर कोई मां इतनी निर्दयी कैसे हो सकती है, जो नौ महीने कोख में पालने के बाद अपने ही बच्चे को इस तरह नाले में फेंक दे।
लोगों ने आशंका जताई कि समाज और लोकलाज के डर से नवजात को जन्म देने के बाद फेंका गया है। कलयुग की इस दर्दनाक तस्वीर ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कस्बा चौकी प्रभारी ने मौके का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर नवजात को यहां कौन छोड़कर गया।
फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।