विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल।

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, चन्दौली में 15 शिक्षकों को वितरित किए गए प्रतीकात्मक कार्ड

चन्दौली, 08 जुलाई 2026। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण और देश के भावी नागरिकों के बेहतर भविष्य की नींव शिक्षकों के हाथों से ही तैयार होती है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

बुधवार को वाराणसी में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार, चन्दौली में सजीव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने जनपद के 15 शिक्षकों को योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि योजना के तहत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, विशेष शिक्षकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों तथा उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। चन्दौली जनपद के लगभग 10,327 लाभार्थियों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा डीबीटी के माध्यम से प्रदेश के विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में प्रति छात्र ₹1,200 की धनराशि भी हस्तांतरित की गई। यह राशि यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी की खरीद के लिए प्रदान की गई है।

राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे इस धनराशि का उपयोग केवल बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं पर ही करें तथा बच्चों को नियमित रूप से निर्धारित वेशभूषा में विद्यालय भेजें।

कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों के सामाजिक सुरक्षा कवच संबंधी एमओयू तथा स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह का भी लाइव प्रसारण किया गया। इस पहल से प्रदेश के लगभग 10 लाख शिक्षक एवं संविदा कार्मिक लाभान्वित होंगे। योजना के अंतर्गत पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों को ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, पर्सनल एक्सीडेंट कवर, एयर एक्सीडेंट कवर, स्थायी दिव्यांगता बीमा तथा बच्चों की शिक्षा एवं पुत्रियों के विवाह के लिए अतिरिक्त सहायता जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री एवं जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, जनप्रतिनिधि, प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *