चंदौली में सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त: मुगलसराय-पड़ाव में एएसपी सदर का पैदल मार्च, अगले 2-3 दिन तक चलेगा विशेष निगरानी अभियान।

चंदौली। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चंद्रशेखर ने मुगलसराय कस्बा और पड़ाव क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई तथा स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं।

अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित पैदल गश्त जारी रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर दें।

‘समाचार आजकल’ के संपादक राम अवतार तिवारी से क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बातचीत में बताया कि मुगलसराय और पड़ाव क्षेत्र में यह विशेष निगरानी अभियान अगले दो से तीन दिनों तक लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहे और लोगों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।

पैदल गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह सहित थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *