UPTET-2026: चंदौली में नकल पर जीरो टॉलरेंस, 12 केंद्रों पर 25,560 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; 200 मीटर तक निषेधाज्ञा लागू।

चंदौली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए चंदौली जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में 2, 3 और 4 जुलाई को कुल 5 पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 25,560 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 5,112 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और समयबद्ध संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनपद में एक केंद्रीय रेलवे इंटर कॉलेज (श्रेणी-ए) और 11 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (श्रेणी-बी) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

परीक्षा संचालन के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा को प्रशासनिक नोडल अधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) को पुलिस नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट को कोषागार के डबल लॉक स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा।

200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा, साइबर कैफे और फोटोकॉपी दुकानें रहेंगी बंद

जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर, जोनल और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पहले केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा अवधि में फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। साथ ही सभी केंद्रों की सीसीटीवी के जरिए लाइव मॉनिटरिंग जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से की जाएगी।

पेपर लीक और सॉल्वर गैंग पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात रहेंगे। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। एलआईयू, सोशल मीडिया सेल और पुलिस की विशेष टीमें पेपर लीक की अफवाहों और सॉल्वर गैंग की गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगी।

मोबाइल, स्मार्ट वॉच और ब्लूटूथ पूरी तरह प्रतिबंधित

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कक्ष निरीक्षकों के मोबाइल भी केंद्र व्यवस्थापक के पास जमा कराए जाएंगे। यदि कोई व्यक्ति नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग या परीक्षा की शुचिता भंग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *