चंदौली।देशव्यापी ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश, चंदौली साइबर टीम सम्मानित।

चंदौली। जनपद चंदौली की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर अपराध नेटवर्क का खुलासा करते हुए देशभर में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक चंदौली ने साइबर टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

साइबर थाना में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 14/2026 की जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, वित्तीय अन्वेषण और विभिन्न राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले संगठित गिरोह तक पहुंच बनाई। जांच में बैंक खातों और ‘म्यूल अकाउंट्स’ की गहन पड़ताल की गई तथा बैकवर्ड लिंकज एनालिसिस के माध्यम से गिरोह के मुख्य संचालकों की पहचान की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित बैंक खातों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर विभिन्न राज्यों में 15 शिकायतें और दो एफआईआर पहले से दर्ज थीं। वित्तीय लेनदेन के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से बड़ी मात्रा में कंप्यूटर उपकरण, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज, कूटरचित आधार कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण डिजिटल और भौतिक साक्ष्य बरामद किए गए। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते साइबर ठगी से संबंधित लगभग 1.42 करोड़ रुपये की धनराशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई, जिससे पीड़ितों की रकम सुरक्षित हो सकी।

इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल, उपनिरीक्षक मिर्जा रिजवान बेग, उपनिरीक्षक अभिषेक शुक्ला, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी पवन कुमार यादव, आरक्षी अनिल कुमार प्रजापति, आरक्षी मोहम्मद नौशाद, आरक्षी मनोज चौहान तथा मुख्य आरक्षी चालक रामाशीष यादव को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास जताया कि टीम आगे भी तकनीकी दक्षता, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *