चन्दौली, 10 जून 2026। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद चन्दौली में मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत थाना क्षेत्रों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित करते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम-2013, दहेज निषेध अधिनियम तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम-1994 सहित महिला सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कानूनों के बारे में भी जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति के द्वितीय चरण में साइबर सुरक्षा जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सेवाओं की भी जानकारी दी गई। चन्दौली पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।