चंदौली/वाराणसी, 13 जून 2026। मालवीय पुल (राजघाट पुल) पर प्रस्तावित मरम्मत कार्य को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 14 जून 2026 से 13 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन रात्रि 10 बजे से प्रातः 6:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार कैण्ट से पड़ाव मार्ग पर स्थित मालवीय पुल के ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत का कार्य मेसर्स कन्स्ट्रक्शन इक्यूमेन्ट कम्पनी, शास्त्री नगर मेरठ द्वारा कराया जाएगा। कार्य के दौरान पड़ाव चौराहे से सूजाबाद पुलिस चौकी एवं राजघाट पुल की ओर जाने वाले सभी प्रकार के ऑटो, टोटो एवं मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
यह रहेगा वैकल्पिक मार्ग
प्रतिबंधित अवधि में पड़ाव चौराहे से आने वाले ऑटो, टोटो एवं मालवाहक वाहन पड़ाव चौराहा से रामनगर, सामनेघाट, विश्व सुन्दरी पुल, बहादुरपुर होते हुए रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में लागू डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इससे मरम्मत कार्य सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा हो सकेगा तथा यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।