वाराणसी।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में मांडवी तालाब पर वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान।

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को मंडुवाडीह स्थित मांडवी तालाब पर वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने तालाब परिसर में साफ-सफाई करते हुए पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जनआंदोलन का रूप ले चुका है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

इसके बाद विशेष संपर्क अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष ने विभिन्न गणमान्य नागरिकों और चिकित्सकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प पर भी चर्चा की गई। अभियान के अंतर्गत डॉ. एस.के. यादव एवं वरिष्ठ उद्योगपति कुमार अग्रवाल के आवास पर संपर्क कार्यक्रम आयोजित हुए।

इसी क्रम में संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रगति पथ यात्रा का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष रामसकल पटेल, महापौर अशोक कुमार तिवारी, प्रदेश राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ सतत संवाद को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए इन अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *