
गोरखपुर/लखनऊ/वाराणसी। नीट (NEET) यूपी री-एग्जाम 2026 में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे (NER) और उत्तर रेलवे (NR) लखनऊ मंडल द्वारा 21 जून को कई परीक्षा स्पेशल अनारक्षित ट्रेनें संचालित की जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सभी विशेष ट्रेनें जनरल श्रेणी की होंगी, जिससे छात्र-छात्राएं आसानी से टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे। गोरखपुर-लखनऊ रूट पर चार विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जबकि लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए भी अतिरिक्त अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
गोरखपुर-लखनऊ रूट पर चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए ट्रेन संख्या 05007, 05008, 05035 और 05036 विशेष रूप से संचालित की जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी और लखनऊ के बीच किया जाएगा।
रेलवे ने बताया कि प्रत्येक ट्रेन में 10-10 सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल) कोच लगाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक परीक्षार्थी लाभ उठा सकें।
वाराणसी और प्रयागराज के लिए भी विशेष सुविधा
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा लखनऊ से वाराणसी तथा लखनऊ से प्रयागराज के लिए भी विशेष अनारक्षित ट्रेनें चलाई जाएंगी। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए एक ट्रेन में 11 तथा दूसरी ट्रेन में 14 कोच लगाए गए हैं। इससे पूर्वांचल और मध्य उत्तर प्रदेश के छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से समय से स्टेशन पहुंचने तथा यात्रा संबंधी जानकारी रेलवे हेल्पलाइन एवं आधिकारिक पोर्टल से प्राप्त करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दिन यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।
मेगा ब्लॉक के चलते कई ट्रेनें प्रभावित
वहीं दूसरी ओर दिल्ली-सहारनपुर रेलखंड पर मुजफ्फरनगर-मोदीनगर के बीच रेलवे पुल संख्या-61 पर तकनीकी कार्य के कारण 15 घंटे 25 मिनट का मेगा ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते कई नियमित ट्रेनें निरस्त या प्रभावित हुई हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लेने की सलाह दी है।
रेलवे की इस पहल से नीट री-एग्जाम में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।