
समाचार आजकल।
वाराणसी। बिहार के भोजपुर जनपद में बाढ़ प्रभावित दलित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों के पुनर्वास और राहत व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलनरत भरत तिवारी की कथित मौत के विरोध में सोमवार को वाराणसी जिला मुख्यालय पर केसरिया भारत के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। संगठन के प्रमुख संयोजक कृष्णानंद पाण्डेय के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। केसरिया भारत के प्रदेश अध्यक्ष गौरिश सिंह एवं धरोहर संरक्षण सेवा संगठन के राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ शीघ्र एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनहित के मुद्दों को उठाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वहीं शिवम उपाध्याय ने कहा कि शासन-प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय रहते जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों का समाधान किया जाना आवश्यक है।
प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने भरत तिवारी के परिजनों को न्याय दिलाने तथा पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आनंद मिश्र, शुभम जी, जितेंद्र सिंह, डॉ. चन्द्रदेव पटेल, उपेंद्र सिंह, राजन मिश्र, अविनाश आनंद, अनिल मिश्र, देवेश तिवारी, ऋषभ सिंह, अश्वनी पाण्डेय, संदीप मिश्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।