
चंदौली। गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को धीना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को पाण्डेयपुर मेढ़ान क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 9 अप्रैल 2026 को महुजी चौकी क्षेत्र में बघरी मस्जिद के पास मुखबिर की सूचना पर एक मैजिक लोडर वाहन को रोका गया था। जांच के दौरान वाहन में गोवंश लदे पाए गए, जिन्हें कथित रूप से वध के लिए ले जाया जा रहा था। मौके से वाहन चालक नीरज को गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में थाना धीना पर मुकदमा संख्या 30/2026, धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान बहेरी गांव निवासी अभयलाल बिन्द का नाम प्रकाश में आया, जो घटना के बाद से वांछित चल रहा था। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ में अभियुक्त ने मामले से संबंधित कई जानकारियां दी हैं, जिनका सत्यापन करते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों और तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक तेजबीर सिंह, आरक्षी गुलाब चन्द, महिला आरक्षी आकांक्षा सिंह एवं महिला आरक्षी सोनी पटेल शामिल रहीं।