
वाराणसी, 22 जून 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में सोमवार को बरेका राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बराकास) की तिमाही बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने की।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने कहा कि बरेका आधुनिक तकनीक के साथ-साथ तकनीकी क्षेत्र में हिंदी के प्रयोग को भी निरंतर बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए राजभाषा हिंदी में मौलिक चिंतन एवं लेखन को आवश्यक बताते हुए अधिकारियों से तकनीकी विषयों पर सरल एवं बोलचाल की भाषा में पुस्तकें लिखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान का व्यापक प्रसार हिंदी माध्यम से ही संभव है तथा अधिकारियों को अनुवाद पर निर्भरता कम कर अधिकाधिक कार्य हिंदी में करना चाहिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुखों एवं अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग और प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत की तथा सुझाव साझा किए। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त डी.के. मौर्या, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) अनुराग कुमार गुप्ता सहित अन्य विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री रामजन्म चौबे ने उपस्थित अधिकारियों का स्वागत करते हुए बरेका में हिंदी के प्रयोग एवं प्रोत्साहन हेतु किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय ने किया।