
चन्दौली। पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना धानापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगभग चार वर्षों से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त असगर अली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, माननीय न्यायालय द्वारा जारी वारंट के अनुपालन में की गई कार्रवाई के दौरान अभियुक्त को बलुआ गंगा घाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान असगर अली पुत्र अब्दुल सत्तार, निवासी ग्राम सरसौल, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के विरुद्ध थाना चेतगंज, वाराणसी में दर्ज मुकदमा संख्या 29/2024 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 406, 504, 506 तथा एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा प्रकीर्ण वाद संख्या 21495/2022 में धारा 138 एन.आई. एक्ट के तहत भी वह वांछित था।
इस गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन, उपनिरीक्षक अभिराज सरोज तथा हेड कांस्टेबल राजेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।