फत्तेपुर में दो पक्षों के बीच बढ़ा विवाद, पुलिस की सख्ती; 11 गिरफ्तार, 2 पर पाबंदी की कार्रवाई।

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद ने रविवार को एक बार फिर तनाव का रूप ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लेते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने शांति भंग की आशंका में 11 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान किया, जबकि दूसरे पक्ष के दो लोगों के खिलाफ भी पाबंद किए जाने की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार मामला पहले से दर्ज मुकदमा संख्या 324/2026 से जुड़ा है। रविवार को सूचना मिली कि दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए हैं और किसी भी समय स्थिति बिगड़ सकती है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन एक पक्ष के लोग पुलिस के सामने भी आक्रोशित हो गए और विवाद बढ़ने की आशंका बनी रही।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के 11 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

वहीं दूसरे पक्ष के शंकर कुमार दत्ता और पूजा दत्ता के विरुद्ध भी शांति भंग की आशंका के आधार पर धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत न्यायालय से पाबंद किए जाने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को माहौल बिगाड़ने या शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पूरे घटनाक्रम के दौरान थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को नियंत्रित किया और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *