
वाराणसी, 7 जुलाई। श्री काशी विश्वनाथ धाम में आगामी श्रावण मास-2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को धाम के बोर्ड रूम में आयुक्त वाराणसी मंडल एस. राजलिंगम एवं पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सहित सभी विभागों को समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
श्रावण मास 30 जुलाई से 28 अगस्त तक
इस वर्ष श्रावण मास 30 जुलाई से 28 अगस्त (रक्षाबंधन) तक रहेगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख व्यवस्थाएं
- धाम में पेयजल, चिकित्सकीय सुविधा और ओआरएस की व्यवस्था।
- भीड़ नियंत्रण के लिए जिग-जैग बैरिकेडिंग को और मजबूत किया जाएगा।
- इंडस्ट्रियल एयर कूलर लगाकर गर्मी और उमस से राहत दी जाएगी।
- सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, पीए सिस्टम और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
- धाम के बाहर लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित कराया जाएगा।
- वृद्ध, दिव्यांग एवं अशक्त श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क गोल्फ कार्ट और ई-रिक्शा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
श्रावण में वीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे श्रावण मास में किसी भी प्रकार के प्रोटोकॉल (वीआईपी) दर्शन की अनुमति नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार से ही दर्शन करने होंगे। किसी भी प्रकार की सिफारिश या विशेष अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रतिबंधित सामान लेकर न आएं
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, बड़े बैग, तंबाकू, नशीले पदार्थ, कॉस्मेटिक एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं साथ लेकर न आएं। अधिक भीड़ के कारण बैगेज काउंटर भी संचालित नहीं होंगे।
ऑनलाइन लाइव दर्शन की सुविधा
जो श्रद्धालु धाम नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए मंदिर न्यास की वेबसाइट, आधिकारिक यूट्यूब चैनल एवं टाटा स्काई प्लेटफॉर्म पर लाइव दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
श्रावण सोमवार का विशेष श्रृंगार
- 3 अगस्त: शंकर स्वरूप श्रृंगार
- 10 अगस्त: गौरी-शंकर श्रृंगार
- 17 अगस्त: अर्धनारीश्वर श्रृंगार
- 24 अगस्त: रुद्राक्ष श्रृंगार
- 27 अगस्त: झूला श्रृंगार
- 28 अगस्त (रक्षाबंधन): सामान्य दर्शन
प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि खाली पेट कतार में न लगें, किसी दलाल या विशेष दर्शन के नाम पर धन मांगने वाले के झांसे में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या मंदिर प्रशासन को दें। इससे श्रावण मास के दौरान दर्शन व्यवस्था सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनी रहेगी।