
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अवैध कट बंद करने, ब्लैक स्पॉट सुधार और ढाबों की अवैध पार्किंग पर सख्ती के निर्देश
चंदौली, 13 जुलाई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए शेष बचे सभी अवैध कटों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। इस पर एनएचएआई के डेवलपमेंट मैनेजर ने बताया कि अधिकांश अवैध कट बंद कर दिए गए हैं और शेष कटों को भी शीघ्र बंद करा दिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन एवं फिटनेस जांच सुनिश्चित की जाए। बिना फिटनेस प्रमाणपत्र वाले किसी भी स्कूल वाहन का संचालन न होने पाए।
उन्होंने सड़क किनारे संचालित ऐसे होटल और ढाबों को भी चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जहां पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण वाहन सड़क पर खड़े किए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है।
बैठक में सड़क दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य कराने, सड़क संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने, ओवरलोडिंग और तेज गति से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य जनहानि को रोकना तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश गौतम, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार (लोक निर्माण विभाग) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।