एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जगापट्टी ग्राम पंचायत में 850 पौधों का रोपण एवं वितरण।

समाचार आजकल।

वाराणसी/सेवापुरी। पर्यावरण संरक्षण एवं प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत महा वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत विकास खंड सेवापुरी की आदर्श ग्राम पंचायत जगापट्टी में रविवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने किया।

अभियान के दौरान ग्राम पंचायत में 850 फलदार एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी रक्षा अपनी संतान की तरह करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर बड़े वृक्ष बनेंगे।

ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हरित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण की शपथ भी दिलाई तथा बनवासी बस्ती के लोगों को फलदार पौधों का वितरण किया।

उन्होंने बताया कि शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुसार विकास खंड सेवापुरी में 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसी क्रम में जगापट्टी ग्राम पंचायत में बड़े स्तर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी श्याम नारायण, रोजगार सेवक प्रतिनिधि दिनेश कुमार यादव, मनोज कन्नौजिया, सुनील कुमार पाल, अंकित माली, राजा माली, घनश्याम सिंह माली, मुहम्मद असलम, राहुल त्रिपाठी, अमित कुमार सरोज, सतीश कुमार सरोज, गायत्री देवी, राहुल गोंड, दल्लु, शकुंतला, रेखा, साधु सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *