
चंदौली। आगामी सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सकलडीहा स्थित प्रसिद्ध श्री कालेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

एसपी ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को मंदिर में 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर, रेलवे ट्रैक, भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जीआरपी के साथ समन्वय बनाकर रेलवे लाइन के पास विशेष सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। एसपी आकाश पटेल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।