
🔰पुलिस अधीक्षक चन्दौली ने थाना मुगलसराय परिसर में व्यापारी बंधुओं के साथ की बैठक; सुरक्षा, सुगम यातायात और अतिक्रमण मुक्त सड़क हेतु दिए गये निर्देश ।
चन्दौली- जनपद में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के क्रम में आज दिनांक 09.04.2026 को पुलिस अधीक्षक चन्दौली, आकाश पटेल द्वारा थाना मुगलसराय परिसर में स्थानीय व्यापारी बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापारिक सुरक्षा, सुगम यातायात प्रबंधन और अतिक्रमण की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। गोष्ठी के मुख्य बिंदु और निर्देश निम्नलिखित हैं:
अतिक्रमण पर सख्त रुख: पुलिस अधीक्षक ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानों का सामान और काउंटर सड़क किनारे निर्धारित की गई ‘लक्ष्मण रेखा’ (सफेद लाइन) के पीछे ही रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
यातायात प्रबंधन: संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यातायात में बाधा डालने वाले अवैध अतिक्रमण के खिलाफ निरंतर अभियान चलाएं। शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
व्यापारिक सुरक्षा: व्यापारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस को गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की हिदायत दी गई।
जन-सहयोग की अपील: श्री आकाश पटेल ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का निष्ठा से पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि नगर की व्यवस्था को सुदृढ़, सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
उपरोक्त बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरूण कुमार सिंह अन्य अधिकारीगण और बड़ी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित व्यापारी उपस्थित रहे।