
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस ने अवैध असलहा रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक स्कूटी तथा मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक कैंट ओवरब्रिज के पिलर संख्या 37 के पास स्कूटी के साथ खड़ा है और उसके पास अवैध पिस्टल है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर गुप्ता (21 वर्ष), निवासी कोटवा सराय मोहना, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र सहित थाना सिगरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।