
समाचार आजकल।
मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई थीं 7,200 शीशियां, तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
चंदौली।
जनपद में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास खड़े एक संदिग्ध लावारिस ट्रक से 72 पेटी में रखी 7,200 शीशी (720 लीटर) अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप और एस्कफ सिरप बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड पर एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान ट्रक में रखी 20 बोरी मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 36 बोरियों से कुल 72 पेटियां बरामद हुईं।
बरामद माल में FAIRDYL NEW की 3,600 शीशी (360 लीटर) तथा एस्कफ सिरप की 3,600 शीशी (360 लीटर) शामिल हैं। मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी ने नियमानुसार जांच कर नमूने परीक्षण के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेज दिए। ट्रक के केबिन से Fleetx कंपनी का एक जीपीएस डिवाइस और सिम भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि ट्रक राहुल कुमार पुत्र जमादार सिंह, निवासी फिरोजाबाद के नाम पर पंजीकृत है। मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चंदौली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।