चंदौली।पावरलूम मशीन के नाम पर ₹9.50 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, बैंक अधिकारियों समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज।

समाचार आजकल।

चन्दौली। मुगलसराय पुलिस ने पावरलूम मशीन के लिए बैंक ऋण दिलाने के नाम पर ₹9.50 लाख की धोखाधड़ी और गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तत्कालीन बैंक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, बिचौलिए मनोज शर्मा, सोनी ट्रेडर्स सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार दुलहीपुर निवासी रुकसाना बीबी ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2022 में नई पावरलूम मशीन दिलाने के नाम पर ₹9.50 लाख का बैंक लोन स्वीकृत कराया गया, लेकिन उन्हें केवल ₹2.90 लाख ही दिए गए। शेष राशि कथित रूप से आरोपितों ने हड़प ली। इतना ही नहीं, नई मशीन भी उपलब्ध नहीं कराई गई, जबकि पीड़िता से हर महीने ₹15 हजार की लोन किस्त वसूली जाती रही।

मामले की जांच के दौरान चाँदनी मार्केट क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर मुगलसराय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के समझाने के बावजूद मनोज कुमार शर्मा और गोविन्द कुमार द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किए जाने पर दोनों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *