समाचार आजकल।
29 जुलाई से जन्मस्थली पर कलश पूजन, कलश यात्रा और जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ, तैयारियों के लिए भाजपा ने बनाए 17 विभाग
वाराणसी।
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई से वाराणसी स्थित उनकी जन्मस्थली से देशव्यापी कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इस अवसर पर देश के 27 राज्यों के प्रतिनिधि काशी पहुंचेंगे। आयोजन के तहत कलश पूजन, कलश यात्रा, जनसंपर्क अभियान और विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की।
बैठक में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए भाजपा ने व्यवस्थाओं के लिए 17 अलग-अलग विभागों का गठन किया और उनकी जिम्मेदारी अनुभवी एवं चुनिंदा कार्यकर्ताओं को सौंपी। सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि आयोजन को भव्य और सफल बनाया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समरसता, समानता और भेदभाव मुक्त समाज का संदेश दिया था। भाजपा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चला रही है।
काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और वैचारिक मूल्यों को आगे बढ़ाने वाला संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 28 और 29 जुलाई को होने वाले कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में संत रविदास जन्मस्थली, प्रमुख मार्गों और चौराहों की साज-सज्जा, कलश यात्रा की रूपरेखा तथा 27 राज्यों में पूजित कलश भेजने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अनिल यादव, नवरतन राठी, अमरनाथ यादव, संतोष सोलापुरकर, अमित राय सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।