
वाराणसी। जीआरपी कैंट वाराणसी ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की डायमंड जड़ित गोल्ड ज्वेलरी बरामद की है। मामले में गुजरात के सूरत निवासी दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। दोनों बरामद आभूषणों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद आयकर विभाग को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कराई गई।
शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जीआरपी, सीआईबी और आरपीएफ की संयुक्त टीम वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6/7 पर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस टीम को देखकर बचने का प्रयास करने लगे। शक होने पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई। तलाशी में उनके बैग से भारी मात्रा में डायमंड जड़ित गोल्ड ज्वेलरी बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान गौतम दामजीभाई सावलिया एवं रौनक कुमार, निवासी सूरत (गुजरात) के रूप में बताई। उन्होंने स्वीकार किया कि वे गुजरात से ज्वेलरी लेकर आए थे और शेष बचे आभूषणों को जौनपुर में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर आयकर विभाग को बुलाया गया, जिसने प्रथम दृष्टया आयकर संबंधी जांच आवश्यक मानते हुए पूरी ज्वेलरी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी के अनुसार बरामद ज्वेलरी की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। इस संयुक्त कार्रवाई में जीआरपी, सीआईबी और आरपीएफ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आयकर विभाग नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रहा है।