चंदौली: पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, कई दिनों की तलाश के बाद मुगलसराय पुलिस को मिली बड़ी सफलता.

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने दुलहीपुर चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल दो सगे भाइयों प्रिंस सोनकर उर्फ विराट सोनकर और अमरजीत सोनकर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अभियान की कमान स्वयं संभाली। उनके निर्देशन में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश तेज की गई, जिसके चलते पुलिस लगातार उनके करीब पहुंचती गई।

लगातार बढ़ते पुलिस दबाव और सघन तलाश अभियान के बाद आखिरकार दोनों वांछित आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सफलता सुनियोजित रणनीति, लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम है।

गौरतलब है कि सावन माह के दौरान प्रशासनिक आदेश के तहत मीट एवं मुर्गा दुकानों पर नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया था। इस दौरान दुलहीपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह घायल हो गए थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई तथा एक सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी गई थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *