
चंदौली। जनपद में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कार्यक्रम थाना चंदौली क्षेत्र के मझवार स्टेशन के सामने आयोजित किया गया।
इन इंटरसेप्टर वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती और हूटर जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार इन वाहनों की तैनाती राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, प्रमुख मार्गों, नगर क्षेत्रों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर की जाएगी। विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना (ड्रंक एंड ड्राइव), रैश एवं स्टंट ड्राइविंग, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
इसके साथ ही जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान भी संचालित किए जाएंगे।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए लगातार जागरूक किया जाए।