दालमंडी में मॉडल सड़क का भूमि पूजन, तीन महीने में तैयार होगा नया मार्ग।

वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दालमंडी क्षेत्र में सुगम और सुविधाजनक मार्ग तैयार करने की दिशा में आज महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलकंठ तिवारी द्वारा दालमंडी में प्रस्तावित मॉडल सड़क का भूमि पूजन किया गया।

दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के बाद करीब 17 मीटर चौड़ी मॉडल सड़क तैयार की जाएगी। इस सड़क के निर्माण का लक्ष्य करीब तीन महीने में पूरा करने का रखा गया है।

परियोजना के तहत सड़क की जद में आने वाले 181 भवनों को हटाया गया है, जबकि छह मस्जिदें भी परियोजना के दायरे में चिन्हित की गई थीं। प्रशासन की ओर से प्रभावित धार्मिक स्थलों को लेकर संबंधित पक्षों के साथ बातचीत और सहमति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

दालमंडी से होकर काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने वाले इस मार्ग के विकसित होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। संकरी सड़क के स्थान पर चौड़ा और व्यवस्थित मार्ग तैयार होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को भी बेहतर किया जा सकेगा।

भूमि पूजन के दौरान विधायक नीलकंठ तिवारी ने कहा कि दालमंडी का यह विकास कार्य काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मॉडल सड़क के साथ क्षेत्र के सुंदरीकरण और मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *