Chandauli News: लूट कांड का ₹50 हजार का इनामी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास व धोखाधड़ी समेत 9 मुकदमों का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे .

सैयदराजा में दर्ज ट्रक लूट के मामले में था वांछित, चन्दौली पुलिस ने पंचफेड़वा अलीनगर से दबोचा.

चन्दौली। जनपद में वांछित और शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सैयदराजा में दर्ज ट्रक लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिलशाद पुत्र अब्दुल मजीद निवासी ग्राम मरखामऊ नई बाजार, थाना मऊआईमा, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है।

ट्रक और 25 टन कोयले की लूट से जुड़ा है मामला

यह मामला 27 नवंबर 2024 को थाना सैयदराजा में दर्ज कराया गया था। वादी इम्तेयाज खान ने पुलिस को बताया था कि ट्रक संख्या BR01GF8742 पर करीब 25 टन कोयला लादकर चालक और खलासी डेहरी से सीतापुर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रात करीब ढाई बजे सूचना मिली कि चन्दौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही कुम्भापुर इलाके से ट्रक लूट लिया गया है।

काफी तलाश के बाद भी ट्रक का पता नहीं चलने पर वादी को मामले में साजिश की आशंका हुई। इसके बाद थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0 216/2024 के तहत धारा 310(2), 317(3), 317(5) और 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

पंचफेड़वा अलीनगर से हुई गिरफ्तारी

उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में चन्दौली पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:10 बजे आरोपी दिलशाद को पंचफेड़वा अलीनगर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना सैयदराजा में दर्ज ट्रक लूट के मुकदमे में लंबे समय से वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹50,000 का इनाम घोषित था।

हत्या के प्रयास से लेकर गैंगस्टर एक्ट तक दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त दिलशाद के खिलाफ प्रयागराज, जौनपुर और चन्दौली समेत विभिन्न जनपदों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराओं में कुल 9 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, उप निरीक्षक मोहम्मद असलम, उप निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, मुख्य आरक्षी सतीश चन्द्र यादव और कांस्टेबल संजय पटेल शामिल रहे।

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *