वृद्धाश्रम में DM का औचक धावा: बुजुर्गों की सेहत पर सख्त हुए जिलाधिकारी, अब हर हफ्ते होगा स्वास्थ्य परीक्षण.

मद्धुपुर वृद्धाश्रम पहुंचकर जिलाधिकारी ने बुजुर्गों से लिया फीडबैक, भोजन-दवा से लेकर साफ-सफाई तक परखी व्यवस्थाएं.

चंदौली,
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सोमवार को मद्धुपुर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण कर वहां रह रहे बुजुर्गों को मिल रही सुविधाओं की हकीकत परखी। अचानक पहुंचे जिलाधिकारी ने आश्रम की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और बुजुर्गों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वृद्धजनों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था। जिलाधिकारी ने एक-एक कर बुजुर्गों से भोजन, दवाइयों, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। आश्रम के निवासियों ने समय पर मिलने वाले गुणवत्तापूर्ण भोजन, नियमित दवाओं और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम के शयन कक्ष, रसोईघर और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को परखते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद समाज कल्याण अधिकारी को बुजुर्गों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए।

10 दिन नहीं, अब हर सप्ताह होगी बुजुर्गों की जांच

जिलाधिकारी ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पहले जहां स्वास्थ्य परीक्षण 10 दिन के अंतराल पर कराया जा रहा था, वहीं अब प्रत्येक सप्ताह स्वास्थ्य विभाग की टीम वृद्धाश्रम पहुंचकर अनिवार्य रूप से बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, समय पर दवाएं, पौष्टिक भोजन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बुजुर्गों की सेवा और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *