
9 माह की मासूम को गोद में लेकर जिलाधिकारी ने जाना हाल, बच्चों से की आत्मीय बातचीत और बांटे बिस्कुट-चिप्स

चंदौली,
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सोमवार को बिछिया कला स्थित राजकीय बालगृह (शिशु) एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे जिलाधिकारी ने बालगृह में रह रहे बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य, शिक्षा और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंजीयन रजिस्टर का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से बालगृह में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
बच्चों की पढ़ाई के लिए मौके से ही BSA को फोन
बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर जिलाधिकारी ने मौके से ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को फोन कर बालगृह में बच्चों की पढ़ाई के लिए पार्ट-टाइम शिक्षक तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए और उनकी उम्र व जरूरत के अनुसार पढ़ाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
9 माह की मासूम को गोद में उठाकर जाना स्वास्थ्य का हाल
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का संवेदनशील रूप भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उन्हें बिस्कुट व चिप्स वितरित किए। इसी दौरान हाल ही में बालगृह में आई 9 माह की मासूम बच्ची को जिलाधिकारी ने गोद में उठाकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से बच्चों के स्वास्थ्य, खान-पान और नियमित देखभाल को लेकर जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।