
समाचार आजकल।
चंदौली। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से सड़क निर्माण की राह देख रहे ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। रविवार को मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग की ओर से बनने वाली दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास कराया। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 1 करोड़ 23 लाख 26 हजार रुपये है।
खास बात यह रही कि विधायक रमेश जायसवाल ने परंपरागत तरीके से स्वयं शिलान्यास करने के बजाय स्थानीय जनता के हाथों से परियोजनाओं का शिलान्यास कराया।
पहली सड़क चंदौली सदर विकासखंड में माधोपुर से बहेरा तक विशेष मरम्मत के तहत बनाई जाएगी। इस परियोजना पर 74 लाख 8 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं दूसरी सड़क चंदौली-बबुरी मार्ग से जसूरी गंगा नहर पुलिया होते हुए पचफेड़वा एनएच-2 नहर पुलिया मिसिंग लिंक तक संपर्क मार्ग के रूप में बनाई जाएगी, जिसकी लागत 49 लाख 18 हजार रुपये है।
इस मौके पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कई सड़कें करीब 10 वर्षों से निर्माण की प्रतीक्षा में थीं, जिन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर बनाया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार को रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी सड़कों को चिन्हित किया जा रहा है, जो लंबे समय से निर्माण की बाट जोह रही हैं। जनता की जरूरत के मुताबिक उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से विकसित कराया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में अखिलेश तिवारी, अशोक गिरी, विपिन गिरी, प्रमोद मौर्या, रामबृक्ष शर्मा, विजेंद्र सिंह, अजय त्रिपाठी, राजेश तिवारी, रामप्रकाश राय, दिनेश बियार, संजय पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।