
चन्दौली। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। SWAT, सर्विलांस टीम और थाना कन्दवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक 12 चक्का ट्रक से 147 पेटी में कुल 1354.8 लीटर अवैध अंग्रेजी-देशी शराब और बीयर बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 की रात करीब 2:18 बजे थाना कन्दवा के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कन्दवा की ओर से आ रहे 12 चक्का ट्रक संख्या UP60BT9648 के चालक ने पुलिस चेकिंग देखकर ट्रक को यू-टर्न लेकर भागाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया।
लोहे की चादर के नीचे बनाया था विशेष चैम्बर
ट्रक की तलाशी लेने पर उसके डाले में लोहे की चादर के नीचे विशेष चैम्बर बनाकर शराब छिपाई गई थी। चैम्बर से 147 पेटी यानी 1354.8 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद हुई।
बरामद शराब में ब्लेण्डर प्राइड की 1 पेटी, 8 पीएम की 45 पेटी, किंगफिशर एक्सट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर की 16 पेटी और ब्ल्यू लाईम देशी शराब मसाला की 85 पेटी शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने चालक के पास से ₹1,000 नकद और एक नोकिया की-पैड मोबाइल फोन भी बरामद किया।
बिहार ले जाकर बेचने की थी तैयारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिंकू चौहान (38) पुत्र कदम चौहान, निवासी ग्राम हिनौता, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों में बेचने का काम किया जाता था। इसके लिए ट्रक के डाले में विशेष चैम्बर बनाकर शराब छिपाई जाती थी।
पुलिस के अनुसार, इस अवैध कारोबार में ट्रक मालिक और शराब दुकानों के सेल्समैन की भूमिका के संबंध में भी पूछताछ में जानकारी सामने आई है। अवैध शराब की बिक्री से होने वाले मुनाफे को आपस में बांटने की बात आरोपी ने बताई है।
ट्रक सीज, मुकदमा दर्ज
पुलिस ने वाहन के चेसिस और इंजन नंबर का भौतिक सत्यापन किया, जो ई-चालान ऐप में दर्ज विवरण से मेल पाया गया। वाहन स्वामी हरिशंकर यादव निवासी डुमरी, थाना फेफना, जनपद बलिया पाया गया। ट्रक को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कन्दवा में मु.अ.सं. 77/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना कन्दवा पुलिस के साथ SWAT और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।