
वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने चेन लूट की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूटी गई 9.09 ग्राम वजन की सोने की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस उपायुक्त वरुणापार प्रमोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त लिपि नागयाच एवं सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ विमल किशोर मिश्र के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर हवेलिया क्रॉसिंग के पास से अभियुक्त विजय चौहान उर्फ लकी निवासी छोटा लालपुर, थाना लालपुर-पांडेयपुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 6 जुलाई को अस्सी घाट से एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद सारनाथ क्षेत्र में रेकी कर खजुही निवासी मोहित कुमार गुप्ता की दुकान में घुसकर उनकी वृद्ध मां के साथ मारपीट की और गले से सोने की चेन लूट ली। अभियुक्त ने यह भी बताया कि इससे पहले भी वारदात की कोशिश की थी, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण सफल नहीं हो सका। घटना के बाद वह लूटी गई चेन बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध लालपुर-पांडेयपुर, भेलूपुर और सारनाथ थानों में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक विश्वेन्द्र यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।