चन्दौली पुलिस की बड़ी सफलता, 2.31 करोड़ रुपये की अवैध शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार।

चन्दौली। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मुगलसराय पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 925 पेटी (8222.8 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 31 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पंजाब से बिहार ले जाई जा रही शराब को ट्रक में आलू की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया था ताकि चेकिंग के दौरान किसी को संदेह न हो। मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर की गई घेराबंदी के दौरान ट्रक संख्या JK02BP1812 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब की सभी पेटियों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जम्मू निवासी मोहम्मद जबीर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शराब की खेप बिहार पहुंचाने जा रहा था, जहां इसे अवैध रूप से खपाया जाना था।

चन्दौली पुलिस की यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में चल रहे अपराध एवं तस्करी विरोधी अभियान की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। एसपी आकाश पटेल के कार्यभार संभालने के बाद से जनपद में अपराधियों, मादक पदार्थ एवं शराब तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी और परिणामोन्मुख कार्रवाई की जा रही है। उनकी सख्त कार्यशैली, सक्रिय निगरानी और बेहतर पुलिसिंग के चलते अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है, जबकि आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। हाल के दिनों में लगातार हुई बड़ी बरामदगियां चन्दौली पुलिस की बढ़ती सक्रियता और पेशेवर कार्यप्रणाली को दर्शाती हैं।

फिलहाल पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *