चन्दौली में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: अवैध संबंध और अपमान का बदला लेने के लिए की गई थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जोगिया कला हत्याकांड का खुलासा करते पुलिस अधिकारी, गिरफ्तार आरोपी और बरामद कुल्हाड़ी के साथ पुलिस टीम।

चन्दौली। थाना चकिया क्षेत्र के ग्राम जोगिया कला में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार 5 और 6 जून की मध्यरात्रि में जोगिया कला निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव (34) की उनके घर के बाहर चारपाई पर सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना चकिया में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी और गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना से कुछ दिन पहले हुए विवाद के बाद मृतक की पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक ने गांव में आरोपी और उसके कथित अवैध संबंधों को सार्वजनिक रूप से उजागर करना शुरू कर दिया था। आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहे आरोपी ने इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा के लिए खतरा मानते हुए हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घटना वाले दिन अहरौरा से एक लोहे की कुल्हाड़ी खरीदी और देर रात मृतक के घर पहुंच गया। चारपाई पर सो रहे बृजेश यादव पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हथियार को अपने खेत में छिपा दिया और सामान्य रूप से वहीं जाकर सो गया।

मुखबिर की सूचना पर 7 जून की शाम थाना चकिया पुलिस ने मोकरम बंधी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।

इस सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

सुनील यादव उर्फ कवि, निवासी ग्राम जोगिया कला, थाना चकिया, जनपद चन्दौली।

बरामदगी

  • हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी

पुलिस की सफलता

चकिया पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और गहन जांच के आधार पर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।फोटो रिलीज हेडिंग: “36 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, प्रेम प्रसंग और रंजिश में हुई थी हत्या; आरोपी गिरफ्तार”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *