
चंदौली, 17 जून 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसानों के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली आपूर्ति, सिंचाई व्यवस्था, नहरों की सफाई, बंद पड़े नलकूपों की मरम्मत तथा डीजल उपलब्धता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सहकारी समितियों पर यूरिया और डीएपी का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा निजी दुकानों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए।
किसानों ने नहरों में सीवर का गंदा पानी गिरने और नहर पटरियों पर अतिक्रमण की समस्या उठाई, जिस पर डीएम ने संबंधित विभागों को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
धान की रोपाई के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी चालू एवं बंद नलकूपों की ब्लॉकवार सूची तैयार कर तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई, बिजली, खाद-बीज और कृषि संबंधी सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, उपनिदेशक कृषि भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।