वाराणसी त्रिदेव मंदिर में अंतिम सोमवार को भी भक्तों को मिला दर्शन, राधा-कृष्ण चितचोर साज-श्रृंगार का सजा दरबार।

वाराणसी। भक्तों के प्रेमभाव और उनकी इच्छा का मान रखते हुए त्रिदेव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार को भी विशेष जलविहार श्रृंगार झांकी सजाई गई। आराध्यों की अप्रतिम झांकी के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। वृंदावन के मोहक फूल बंगले के बीच सजी झांकी ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और भक्ति भाव से सराबोर कर दिया।

मंदिर परिसर में हिम शिवलिंग के साथ द्वादश ज्योतिर्लिंगों की भव्य झांकी सजाई गई, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव से आराध्यों के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

वहीं, मंदिर में राणी सती, सालासर हनुमान और खाटू वाले श्याम प्रभु का चितचोर साज-श्रृंगार किया गया। आराध्यों को विधि-विधान से 56 भोग अर्पित किया गया। विशेष श्रृंगार और भोग के बाद श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संयोजन त्रिदेव मंदिर राणी सती श्याम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष भरत सराफ और मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल ने किया। दोनों ने तीनों विग्रहों की आरती उतारी। इस दौरान अनुप सराफ, सुरेश तुलस्यान, आनंद भावसिंका, बम-बम, राम बुबना, विजय खेमका, रुपेश सनथोलिया, सुनील अग्रवाल, विजय मोदी समेत त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे।

अंतिम सोमवार पर विशेष श्रृंगार और दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने मंदिर परिसर को पूरे दिन भक्तिमय बनाए रखा। मंदिर में हर ओर हर-हर महादेव और जय श्री श्याम के जयकारे गूंजते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *