चंदौली में पीआईबी की ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला, 60 से अधिक पत्रकारों ने लिया हिस्सा।

फेक न्यूज की पहचान और फैक्ट-चेकिंग के साथ डिजिटल टूल्स के प्रभावी इस्तेमाल पर पत्रकारों को दी गई जानकारी

चंदौली, 13 अगस्त 2026। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), वाराणसी की ओर से चंदौली जनपद के पत्रकारों के लिए ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में किया गया। कार्यशाला में चंदौली क्षेत्र के 60 से अधिक पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मीडिया और सरकार के बीच संवाद को मजबूत करना, पत्रकारों को फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाओं की पहचान, फैक्ट-चेकिंग तथा डिजिटल टूल्स के प्रभावी उपयोग के संबंध में जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और पिछले 12 वर्षों की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

‘पिछले 12 वर्षों में भारत की विकास यात्रा अभूतपूर्व’ : रमेश जायसवाल

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प का परिणाम है कि देश की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति एवं प्रतिष्ठा भी सुदृढ़ हुई है।

रमेश जायसवाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक विकास के साथ निर्यात के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री की कर्मठता से नागरिकों के जीवन में व्यापक सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को दूरदर्शी और अद्वितीय पहल बताते हुए पत्रकारों से अपनी लेखनी के माध्यम से सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की सही एवं तथ्यपरक जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ‘वार्तालाप’ जैसे कार्यक्रम सरकार और मीडिया के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम हैं, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

तंबाकू और धूम्रपान के दुष्प्रभावों पर भी हुई चर्चा

कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंदौली डॉ. पारितोष मिश्रा ने तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है।

उन्होंने नशे से दूर रहने और जनजागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

फेक न्यूज के दौर में फैक्ट-चेकिंग जरूरी : डॉ. बाला लखेंद्र

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बाला लखेंद्र ने फैक्ट-चेकिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पत्रकारों से पीआईबी के फैक्ट-चेक से जुड़ने और तथ्यपरक पत्रकारिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाएं तेजी से प्रसारित होती हैं, लेकिन इसके साथ गलत और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में किसी भी सूचना को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने भारत सरकार के नशामुक्ति अभियान और सामाजिक जागरूकता में मीडिया की भूमिका पर भी चर्चा की।

शिक्षा और डिजिटल बदलाव पर भी रखे विचार

एस.आर.वी.सी. स्कूल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की प्राचार्या श्रीमती नीलांजना चक्रवर्ती ने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और शिक्षा के माध्यम से समाज के समग्र विकास पर अपने विचार रखे। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों में जागरूकता और बदलते डिजिटल परिवेश में शिक्षा की भूमिका को रेखांकित किया।

मीडिया और सरकार के बीच संवाद का सशक्त मंच है ‘वार्तालाप’

कार्यशाला के संयोजक दिलीप कुमार शुक्ल, निदेशक, पत्र सूचना कार्यालय, भारत सरकार ने ‘वार्तालाप’ को मीडिया और सरकार के बीच संवाद का सशक्त मंच बताया।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पत्रकारों और सरकारी तंत्र के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, केंद्र सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की तथ्यपरक जानकारी मीडिया तक पहुंचाना तथा भ्रामक सूचनाओं से निपटने के लिए पत्रकारों को आवश्यक जानकारी और संसाधनों से परिचित कराना है।

कार्यशाला के दौरान पत्रकारों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद एवं चर्चा भी हुई। पत्रकारों को फैक्ट-चेकिंग, डिजिटल मीडिया टूल्स और विश्वसनीय सूचना स्रोतों के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में पीआईबी की ओर से मुख्य अतिथि, अतिथि वक्ताओं, चंदौली के पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *