
समाचार आजकल।
वाराणसी। इंडियन नेशनल समाज पार्टी (आईएनएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार ने देश की चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। उन्होंने मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र निरस्त होने की खबर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मामलों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच सवाल खड़े होते हैं।
सुनील कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी कई उम्मीदवारों के नामांकन पत्र निरस्त होने की घटनाएं सामने आई थीं। उनका मानना है कि ऐसे मामलों में निर्वाचन आयोग को पूरी पारदर्शिता के साथ कारण सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि लोकतंत्र में जनता का विश्वास बना रहे।
उन्होंने कहा कि देश का युवा भी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं और भर्ती प्रक्रियाओं के बार-बार रद्द होने से युवाओं में निराशा बढ़ी है। सरकार और संबंधित संस्थाओं को इन मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
आईएनएसपी अध्यक्ष ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वर्ष 2026-27 में होने वाले विधानसभा एवं आगामी लोकसभा चुनावों में नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक उम्मीदवार को निष्पक्ष अवसर मिले और मतदाताओं का विश्वास चुनावी प्रक्रिया में कायम रहे।